किसानों की फसल खराब होने की शिकायत पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे विदिशा
किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान अचानक एमपी के विदिशा जिले के ग्राम छीरखेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने खेतों का निरीक्षण किया और सीधे किसानों से संवाद किया। मंत्री के इस आकस्मिक दौरे से गांव के किसानों में उम्मीद जगी कि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द होगा। मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि खरपतवार नाशक दवा की वजह से किसानों की सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई है। इस शिकायत की पुष्टि करने वे खुद मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि खेतों में सोयाबीन की जगह खरपतवार ही खरपतवार उग आया है।
मंत्री ने साफ कहा कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी जांच उच्च स्तरीय वैज्ञानिक दल से कराई जाएगी। यदि दवा में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा – “किसान हमारे देश के अन्नदाता हैं। अगर उनकी फसल नष्ट हो जाएगी तो वे अपना जीवन यापन कैसे करेंगे? उनकी मेहनत और परिश्रम की रक्षा करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है।
शिवराज सिंह चौहान ने आगे कहा कि यह सिर्फ विदिशा का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे देश में घटिया कीटनाशक और खरपतवार नाशक दवाएं बनाने वाली कंपनियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी कंपनियों को बख्शा नहीं जाएगा और किसानों को न्याय दिलाया जाएगा। ग्राम छीरखेड़ा पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री की इस पहल से किसानों में एक बार फिर से भरोसा जगा है कि उनकी समस्याओं को सरकार गंभीरता से ले रही है।