जर्जर भवन में हेलमेट पहनकर काम करने को मजबूर बिजली कर्मचारी| रीवा न्यूज़
मध्यप्रदेश में बिजली विभाग में काम करने वाला एक कर्मचारी को जर्जर बिल्डिंग में बैठ कर काम करने से इस कदर डर लग रहा है की वो हेलमेट पहनकर रोजाना नौकरी कर रहा है। जी हां रीवा जिले से ये हैरान करने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। यहां बिजली विभाग के कर्मचारी जिस जर्जर भवन में काम कर रहे हैं और हालात इतने खराब हैं कि उन्हें अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर ड्यूटी करनी पड़ रही है।
रीवा शहर के नेहरू नगर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय की हालत इतनी खस्ता है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। महज 6 साल पहले बना यह दफ्तर अब खंडहर में तब्दील हो चुका है। हाल ही में छत से अचानक प्लास्टर गिरा, जो कंप्यूटर ऑपरेटर आशीष मिश्रा के पैर पर आकर लगा। गनीमत रही कि उनका सिर बच गया। इस घटना के बाद से कर्मचारी डर के साए में काम करने को मजबूर हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि वे कई बार अधिकारियों को जर्जर भवन की स्थिति से अवगत करा चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला।
जूनियर इंजीनियर अनिल सिंह ने भी बताया कि पिछले 4 साल से लगातार शिकायत की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।स्थिति इतनी खराब है कि कर्मचारी वॉशरूम जाने तक से डरते हैं। उनका कहना है कि यह भवन भ्रष्टाचार का नतीजा है और अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या सरकारी कर्मचारियों की जान की कोई कीमत नहीं है?
फिलहाल, घटना के बाद अधीक्षण यंत्री मौके पर पहुंचे और तत्काल फंड जारी कर भवन के रिनोवेशन का काम शुरू करवाने का आश्वासन दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक भवन पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, वे हेलमेट पहनकर ही विरोध दर्ज कराते रहेंगे।