Sagar- युवक को मिला खोया हुआ बैग, स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी और पुलिस की तेजी से बचे जरूरी दस्तावेज
सागर में ग्वालियर से सागर आए एक युवक का खोया हुआ बैग पुलिस और स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम की सतर्कता से सुरक्षित वापस मिल गया। यह घटना रविवार को उस समय हुई जब दीपराज, जो एसबीआई गोपालगंज शाखा में कार्यरत हैं, सिटी बस स्टैंड से घर जा रहे थे। रास्ते में उनका बैग ऑटो से गिर गया, जिसकी उन्हें तत्काल जानकारी नहीं हो पाई। जब दीपराज को बैग गुम होने का पता चला तो वे तुरंत गोपालगंज थाने पहुंचे और मदद मांगी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सबसे पहले रास्ते में लगे निजी सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
फुटेज में बैग गिरते तो दिखा, लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि उसे कौन लेकर गया। इसके बाद पुलिस दीपराज को लेकर स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम पहुंची। यहां पर आईटीएमएस एक्सपर्ट राहुल सिंह राजपूत ने गहनता से फुटेज खंगाले। जांच के दौरान सामने आया कि बैग को एक एंबुलेंस उठाकर ले गई है। राहुल सिंह ने तुरंत एंबुलेंस को ट्रैक करना शुरू किया और शहर के अलग-अलग कैमरों की मदद से वाहन का नंबर ट्रेस किया।
इसके बाद 108 एंबुलेंस ऑफिस से जानकारी जुटाकर ड्राइवर तक पहुंचा गया और अंततः बैग बरामद किया गया। पुलिस ने बैग सुरक्षित रूप से दीपराज को सौंपा। बैग में मौजूद महत्वपूर्ण दस्तावेज और सामान सुरक्षित मिलने पर उन्होंने राहत की सांस ली। दीपराज ने विशेष रूप से राहुल सिंह राजपूत और गोपालगंज थाना पुलिस का आभार जताया और उनकी सराहना की। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सागर पुलिस और स्मार्ट सिटी का सीसीटीवी कंट्रोल रूम जनता की सुरक्षा और मदद के लिए हर समय तत्पर रहता है।