Sagar- तेज बारिश के साथ कहर बनकर टूटी बिजली, एक की मौत – दो पहुंच गए अस्पताल
बुधवार शाम बंडा की कृषि उपज मंडी में दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक हुई बारिश के बीच गिरी आसमानी बिजली ने तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल होकर अस्पताल पहुंचे। हादसा सागर जिले की बंडा मंडी परिसर में हुआ मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम बंडा निवासी अंगद लोधी मजदूरी का काम खत्म कर मंडी परिसर में अपने हाथ-पैर धोकर घर जाने की तैयारी कर रहा था।
इसी दौरान तेज आवाज के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिरी। उसकी चपेट में आते ही अंगद लोधी गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई। इसी हादसे में जयकुमार अहिरवार और राजा बाबू लोधी भी घायल हो गए। उन्हें तत्काल बंडा के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
आकाशीय बिजली गिरने की तेज गड़गड़ाहट और हादसे के बाद मंडी में मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मजदूर और किसान घबराकर इधर-उधर भागने लगे। अचानक हुई बारिश ने पहले ही सबको परेशान कर रखा था और बिजली गिरने से मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। वहीं ग्रामीणों को आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों की जानकारी देने की बात भी कही गई है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। यह घटना एक बार फिर चेतावनी है कि मौसम के अचानक बदलते मिजाज को हल्के में न लें।