अर्चना तिवारी मामले में 51 हजार का इनाम सौंपा, रेल पुलिस को प्रकरण में मिली सम्मान की राशि
नर्मदा एक्सप्रेस से लापता हुईं अर्चना तिवारी के सकुशल मिलने के बाद उनके मुंहबोले भाई और युवा कांग्रेस अध्यक्ष दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने एमपी के कटनी रेल पुलिस को वादा किया हुआ 51 हजार रुपए का इनाम सौंपा। शनिवार दोपहर उन्होंने यह राशि कटनी रेल थाना प्रभारी एल.पी. कश्यप को दी। 7 अगस्त को इटारसी स्टेशन से अर्चना तिवारी रहस्यमयी ढंग से गायब हो गई थीं। दो दिन तक कोई पता न चलने पर अंशु मिश्रा ने घोषणा की थी कि जो भी अर्चना की जानकारी देगा, उसे 51 हजार रुपए इनाम दिया जाएगा।
आखिरकार भोपाल रेल पुलिस और मध्यप्रदेश पुलिस की मेहनत रंग लाई और अर्चना को लखीमपुर, नेपाल बॉर्डर के पास से सकुशल भोपाल लाया गया। इसके बाद अंशु मिश्रा ने कटनी पहुंचकर अपना वादा निभाया। थाना प्रभारी एल.पी. कश्यप ने इनाम राशि प्राप्त कर बताया कि यह रकम रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर को भेजी जाएगी। पूरे प्रकरण में रेलवे पुलिस की तत्परता और सतर्कता की वजह से ही अर्चना को सुरक्षित वापस लाना संभव हो पाया।
इनाम राशि सौंपते समय दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने मीडिया से कहा – “मैं रेल पुलिस और मध्यप्रदेश पुलिस का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। जिस समर्पण और मेहनत से अर्चना को ढूंढा गया, वह काबिले तारीफ है। मेरी घोषणा केवल एक जिम्मेदारी थी, जिसे मैंने आज पूरा किया।” उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की मेहनत और सहयोग के कारण ही परिवार को अर्चना सकुशल वापस मिल सकीं। इस मौके पर स्थानीय लोगों और मीडिया ने भी रेल पुलिस की सराहना की।