सागर में बड़ा फैसला, आयुक्त खत्री का तबादला रद्द, बने रहेंगे निगम आयुक्त, सरकार ने पलटा आदेश
सागर नगर निगम से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। निगम आयुक्त राजकुमार खत्री का तबादला फिलहाल टल गया है। सरकार ने उनके तबादले के आदेश को निरस्त कर दिया है। दरअसल, 4 अगस्त को सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया था कि राजकुमार खत्री को नगर निगम सागर और स्मार्ट सिटी सीईओ के पद से हटाकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में उप सचिव बनाया जाएगा। लेकिन अब 22 अगस्त को सरकार ने नया आदेश जारी कर दिया, जिसमें साफ कहा गया है कि उनका तबादला रद्द किया जाता है।
इस आदेश के बाद राजकुमार खत्री आगामी आदेश तक सागर नगर निगम आयुक्त और स्मार्ट सिटी सीईओ के पद पर यथावत बने रहेंगे। आदेश पर मध्यप्रदेश शासन सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अर्चना सोलंकी के हस्ताक्षर हैं। आयुक्त खत्री के रहते निगम की कई योजनाएँ रफ्तार पकड़ रही थीं। उनके रुकने से कामकाज पर सकारात्मक असर पड़ेगा। गौरतलब है कि राजकुमार खत्री को 2008 बैच का राप्रसे अधिकारी माना जाता है और सागर में उनके कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाएँ शुरू हुईं। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट्स और नगरीय विकास की योजनाओं पर उनका विशेष फोकस रहा है। यानी फिलहाल नगर निगम सागर में किसी तरह का प्रशासनिक बदलाव नहीं होगा। राजकुमार खत्री अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन यथावत करते रहेंगे।