फिर धंसी सड़क, ट्रक फंसा, बारिश और घटिया निर्माण ने बिगाड़े हालात, 100 साल की बारिश का असर
एमपी के ग्वालियर में एक बार फिर सड़कों की खराब क्वालिटी सामने आ गई है। विवेकानंद चौराहे पर झांसी रोड की सड़क धंस गई, जिसमें पेपर ब्लॉक से भरा ट्रक गड्ढे में फंस गया। ग्वालियर में सड़कों का धंसना अब आम बात होती जा रही है। ताजा मामला विवेकानंद चौराहे के पास झांसी रोड का है। यहां अचानक सड़क धंस गई और पेपर ब्लॉक से भरा ट्रक गहरे गड्ढे में फंस गया।
ट्रक का पूरा बायां हिस्सा गड्ढे में धंस गया। हादसे के कारण सड़क पर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही। घटना के बाद नगर निगम और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।
लगातार हो रही बारिश से ग्वालियर में सड़क निर्माण की पोल खुल गई है। जहां-तहां गड्ढे और धंसान से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
दरअसल, ग्वालियर में इस बार मानसून ने 100 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब तक 1203 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि शहर का सामान्य कोटा सिर्फ 510 मिलीमीटर का है। यानी इस सीजन में 236% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
पिछले साल 2024 में भी 1197 मिलीमीटर बारिश हुई थी। अगर सितंबर में अनुमानित बारिश होती रही, तो इस साल का आंकड़ा 1400 मिलीमीटर तक पहुंच सकता है।
भारी बारिश और घटिया सड़क निर्माण की वजह से बार-बार सड़कों के धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।