एमपी का सबसे लंबा फ्लाईओवर शुरू, 15 हजार करोड़ से बनेगा भोपाल-जबलपुर ग्रीनफील्ड हाईवे
मध्यप्रदेश के विकास के नक्शे पर आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। जबलपुर में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश का सबसे लंबा फ्लाईओवर जनता को समर्पित किया। साथ ही, 15 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले भोपाल-जबलपुर ग्रीनफील्ड हाईवे और टाइगर कॉरिडोर की भी बड़ी घोषणाएँ की गईं। एमपी के जबलपुर में शनिवार को सात किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का लोकार्पण किया गया। इस फ्लाईओवर का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखा गया है। अब मदनमहल से दमोह नाका तक की दूरी, जो पहले 45 मिनट में तय होती थी, महज़ 7 मिनट में पूरी हो सकेगी।
इस मौके पर 4250 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 9 सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास भी हुआ। कुल लंबाई 174 किलोमीटर की इन परियोजनाओं से प्रदेश को तेज़ रफ्तार सड़क कनेक्टिविटी मिलेगी। नितिन गडकरी ने अपने संबोधन में कहा कि यह फ्लाईओवर एक ऐतिहासिक काम है। उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी को उद्धृत करते हुए कहा कि अच्छे रास्तों से देश अमीर बनता है, न कि अमीर होने से रास्ते अच्छे बनते हैं। गडकरी ने 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 255 किलोमीटर लंबे भोपाल-जबलपुर ग्रीनफील्ड हाईवे की भी घोषणा की। इसके साथ ही 5500 करोड़ रुपये की लागत से टाइगर कॉरिडोर परियोजना की भी शुरुआत होगी, जिसमें कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और पेंच टाइगर रिज़र्व को जोड़ा जाएगा। इससे जबलपुर से टाइगर रिज़र्व तक 4-लेन कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इन परियोजनाओं से न सिर्फ़ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि प्रदेश की आर्थिक गति भी तेज़ होगी। गडकरी ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश सड़क नेटवर्क के मामले में देश में एक मिसाल बनेगा।