सागर में निगम-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध ठेले-फड़ हटाए, वाहनों पर चालानी कार्रवाई, आवारा पशु भी पकड़े
सागर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और अवैध कब्जों को हटाने के लिए सागर नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। यह कार्रवाई कटरा मस्जिद क्षेत्र से लेकर मस्जिद चौराहा और गोला कुआं से सरस्वती मंदिर रोड तक की गई। कार्रवाई के दौरान नगर निगम टीम ने कटरा मस्जिद के पास खड़े दो अवैध ठेले जब्त किए। वहीं, ट्रैफिक पुलिस और एमपी पुलिस ने तीन बत्ती से मस्जिद चौराहा तक अवैध रूप से खड़ी गाड़ियों पर चालानी कार्रवाई की। इसी तरह गोला कुआं स्तंभ से लेकर सरस्वती मंदिर रोड तक दोनों तरफ खड़ी फोर-व्हीलर गाड़ियों पर भी चालान काटे गए।
सड़क पर अतिक्रमण और गलत तरीके से पार्किंग लंबे समय से यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहे थे। लोगों की शिकायतों के बाद निगम और पुलिस ने यह संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं को भी पकड़ा। आए दिन सड़कों पर पशुओं की वजह से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुधरे और लोगों को राहत मिल सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि भविष्य में यदि किसी ने सड़क पर अवैध ठेला लगाया या गलत तरीके से गाड़ियां खड़ी कीं तो उन पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर की सड़कों पर अतिक्रमण रोकना और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है।