15 लाख की शराब जब्त, पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आदतन अपराधी 100 पेटी अवैध शराब के साथ पकड़ा
पुलिस को रविवार देर रात बड़ी सफलता मिली, जब उन्होंने किशनपुर बंबा के पास लखुरियाई रोड पर चेकिंग के दौरान अवैध शराब से भरा वाहन पकड़ लिया। पुलिस ने न केवल वाहन चालक को गिरफ्तार किया, बल्कि 100 पेटी देशी शराब भी जब्त की। इस कार्रवाई से अवैध शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। एमपी के मुरैना जिले की अंबाह थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पोरसा की ओर से तेज रफ्तार में अवैध शराब से लदा वाहन जिले में प्रवेश करने वाला है। सूचना पर पुलिस ने किशनपुर बंबा के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध लोडिंग वाहन आता दिखाई दिया। चालक ने पुलिस को देखकर वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने वाहन को रोक लिया और चालक को दबोच लिया।
तलाशी लेने पर वाहन में 100 पेटी देशी शराब पाई गई। जब चालक से दस्तावेज मांगे गए तो वह कुछ भी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर आरोपी को थाने ले आई। जब्त माल की कीमत करीब 15 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से हत्या का प्रयास, मारपीट, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में चार अपराध दर्ज हैं।
अब पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत नया मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह शराब कहां से लाई गई थी और कहां खपाने की योजना थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। इस कार्रवाई को अंबाह पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।