सागर में कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला दहन, महिलाओं ने किया विरोध
सागर में मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के विवादित बयान ने महिलाओं में गुस्सा भड़का दिया है। पटवारी ने महिलाओं को "शराबी" कहकर संबोधित किया था, जिसके विरोध में सागर में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। सागर के नमक मंडी चौराहे पर बड़ी संख्या में महिलाएं जुटीं और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंका। इस दौरान आक्रोशित महिलाओं ने पुतले को चप्पलों से पीटा और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर "कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद, "राहुल गांधी–प्रियंका गांधी मुर्दाबाद" जैसे नारे गूंजते रहे। भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष संध्या भार्गव ने कहा – जब देश की मातृशक्ति वीरांगना रानी पद्मावती का बलिदान दिवस मना रही थी और महिलाएं हरतालिका तीज की साधना में लीन थीं, तब कांग्रेस अध्यक्ष ने महिलाओं को शराबी कहकर उनका अपमान किया है। यह कांग्रेस के कु-संस्कार हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर काम कर रही है – चाहे "ऑपरेशन सिंदूर" हो या खेल का मैदान, महिलाएं हर क्षेत्र में देश का मान बढ़ा रही हैं। लेकिन कांग्रेस को यह रास नहीं आ रहा, इसलिए इस तरह के आपत्तिजनक बयान दिए जा रहे हैं। संध्या भार्गव ने चेतावनी देते हुए कहा – "कांग्रेस याद रखे, नारी नशा नहीं करती, लेकिन जब शक्ति पर आ जाए तो दुष्टों का विनाश जरूर करती है। कांग्रेस का राजनीतिक भविष्य अब समाप्ति की ओर है। पुतला दहन कार्यक्रम में महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी—सुषमा यादव, नेहा जैन, स्नेहलता साहू, जयश्री रैकवार, मंजु केशरवानी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता—शैलेश केशरवानी, जगन्नाथ गुरैया, श्रीकांत जैन, नीरज यादव, मनीष चौबे और अन्य कार्यकर्ता भी शामिल हुए।