Sagar - इस गाँव में शराब पीने पर लगता है भारी जुर्माना, मंदिर निर्माण में लग रही राशि
सागर जिले के बंडा क्षेत्र के कई गाँव आज शराबबंदी की मिसाल बनते जा रहे हैं। यहाँ न केवल अवैध शराब बेचने वालों पर कार्रवाई हो रही है, बल्कि शराब पीकर उपद्रव करने वालों पर भी भारी जुर्माना लगाया जा रहा है। बंडा के ग्राम राखसी, पड़वार, नीमोन, हनोता उबारी, रोड़ा और भरतपुर में लोगों ने सामूहिक रूप से शराबबंदी का संकल्प लिया है। खास बात ये है की यहाँ ग्रामीण खुद ही एकजुट होकर बैठकों में शपथ लेते हैं कि न तो कोई शराब पिएगा और न ही बेचेगा।
साथ ही नियम तोड़ने वालों पर तुरंत जुर्माना लगाया जाता है और यह राशि वसूली भी जाती है। ग्राम नीमोन शराबबंदी की इस पहल में सबसे आगे है। यहाँ करीब तीन सौ लोगों की एक टीम बनाई गई है, जो गाँव में अवैध शराब रोकने का जिम्मा उठाए हुए है। अवैध शराब बेचते पकड़े जाने पर 11,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। शराब पीकर गाली-गलौज या उपद्रव करने पर 5,000 रुपये का जुर्माना भरना पड़ता है।
अब तक करीब दस लोगों से जुर्माना वसूला गया है। खास बात यह है कि इस राशि का उपयोग गाँव में शनिदेव मंदिर निर्माण में किया जा रहा है। ग्राम नीमोन की सक्रियता देखकर अन्य गाँवों के लोग भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण अब गाँव-गाँव जाकर लोगों को समझा रहे हैं कि शराब न पिएँ, न बेचें और इस बुराई से समाज को मुक्त करें। ग्रामीण कल्याण सिंह लोधी, गब्बर सिंह ठाकुर, बबलू यादव, शेर सिंह राजपूत, कुलदीप खंगार और बिट्टू लोधी का कहना है कि इस मुहिम से न केवल लोग शराब से दूर हो रहे हैं बल्कि गाँव में शांति और भाईचारा भी बढ़ रहा है।