तीज के दिन नदी में नहाने गईं थीं मां-बेटी, क्योटी जलप्रपात में डूबने से मां-बेटी की मौत
एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। एमपी के रीवा जिले की सिरमौर तहसील के दुलहरा गांव की रहने वाली मां-बेटी तीज का व्रत करने के बाद स्नान करने गई थीं, जहां हादसे का शिकार हो गईं। दोनों की जान क्योटी जलप्रपात में डूबने से चली गई।
जानकारी के मुताबिक, 50 वर्षीय फूलमती सोंधिया और उनकी 20 वर्षीय बेटी कृषा सोंधिया रविवार शाम करीब चार बजे महाना नदी में स्नान करने पहुंचीं। तीज का व्रत पूरा करने के बाद मां-बेटी नहाने उतरीं, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहकर क्योटी जलप्रपात की ओर चले गईं।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी। हालांकि अंधेरा होने और पानी का स्तर ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू तुरंत शुरू नहीं हो सका। सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कुछ घंटों की तलाश के बाद मां-बेटी के शव पानी में तैरते मिले। शवों को बाहर निकालने के लिए त्योंथर से डीआरसी की टीम भी बुलाई गई।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। तीज जैसे पावन अवसर पर हुआ यह हादसा पूरे इलाके में शोक और सदमे का माहौल बना गया है। प्रशासन ने बरसात के मौसम में जलप्रपात और नदियों में नहाने से बचने की अपील करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी है।