Sagar -म.प्र. शासन लिखी बोलेरो पलटी फिर मिला 1.40 लाख रूपये की अवैध शराब जखीरा,पुलिस जांच में जुटी
सागर जिले के नरयावली थाना क्षेत्र से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां हनुमान मंदिर के आगे बुधवार देर रात एक बोलेरो वाहन पलट गया। जब पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की, तो उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। हैरानी की बात यह रही कि वाहन के पीछे “मध्य प्रदेश शासन” लिखा हुआ था।
थाना प्रभारी कपिल लक्षकार के मुताबिक, बोलेरो क्रमांक एमपी-36 टी-1348 दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी थी। जेसीबी की मदद से वाहन को सीधा कर जब तलाशी ली गई, तो बीच और पीछे की सीटों पर कार्टन रखे मिले। इनमें 28 पेटी पावर स्ट्रॉन्ग व्हिस्की भरी थी, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए आंकी जा रही है।
पुलिस ने वाहन और शराब दोनों को ज़ब्त कर लिया है। इस मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बोलेरो किसका है, शराब कहां से लाई जा रही थी और किसे पहुंचाई जानी थी।
स्थानीय लोगों के बीच इस घटना की खूब चर्चा हो रही है, क्योंकि जिस वाहन में शराब मिली, उस पर “मध्य प्रदेश शासन” लिखा हुआ था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।