खाद की किल्लत पर गधे को बनाया जनप्रतिनिधि, किसानों का अनोखा विरोध |SAGAR TV NEWS|
मध्य प्रदेश में एक ओर शासन-प्रशासन खाद की पर्याप्त उपलब्धता के दावे कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग तस्वीर दिखा रही है। पिछले कई दिनों से यहां किसान खाद की किल्लत से परेशान हैं। सुबह से लंबी कतारों में खड़े रहने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। इससे नाराज किसानों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। एमपी के ग्वालियर जिले के भितरवार ब्लॉक में किसानों ने गधे को अपना प्रतीकात्मक जनप्रतिनिधि मानकर उसे माला पहनाई। किसानों का कहना है कि हमारे चुने हुए नेता और अधिकारी हमारी समस्याएं नहीं सुन रहे, इसलिए अब गधा ही हमारा असली प्रतिनिधि है। यह नजारा देखने के लिए बड़ी भीड़ जमा हो गई।
इसी दौरान गुस्साए किसानों ने भितरवार थाने के सामने जाम लगा दिया। सैकड़ों की संख्या में किसान सड़क पर बैठ गए और घंटों तक हंगामा चलता रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से बात की और उन्हें शांत करने की कोशिश की। करीब छह घंटे तक चला हंगामा आखिरकार तब थमा, जब किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया गया। किसानों का आरोप है कि खाद वितरण में गड़बड़ी हो रही है और उन्हें उनकी जरूरत का खाद समय पर नहीं मिल पा रहा। पीड़ित किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही खाद की किल्लत दूर नहीं हुई, तो वे और भी बड़ा आंदोलन करेंगे।