सागर-सर्वेयर महासंघ ने की FIR की मांग, सोशल मीडिया प्रदेश अध्यक्ष पर कहासुनी बनी वजह |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के खुरई से एक बड़ी खबर सामने आई है। लोकल यूथ सर्वेयर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र गोस्वामी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला गरमा गया है। महासंघ के सदस्यों ने आरोपी युवक पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। खुरई में सर्वेयर महासंघ के सदस्यों ने सोशल मीडिया पर हुई अभद्र टिप्पणी को लेकर आक्रोश जताया है।
उनका कहना है कि 26 अगस्त को सहायक पटवारी सर्वेयर संघ के चैनल संचालक शिवेंद्र जायसवाल, निवासी जिला सिंगरौली, ने लोकल यूथ सर्वेयर महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र गोस्वामी के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का उपयोग किया।सदस्यों का आरोप है कि चैनल संचालक ने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए चैनल का नाम बदलकर “सूचना पटल याने सहायक पटवारी” कर दिया है। संगठन का मानना है कि यह टिप्पणी न केवल प्रदेश अध्यक्ष की व्यक्तिगत मानहानि है, बल्कि पूरे सर्वेयर संघ और उसके सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है।
इसी को लेकर खुरई सर्वेयर महासंघ के पदाधिकारी और सदस्य एकजुट होकर खुरई शहरी थाना पहुंचे। यहां उन्होंने थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। महासंघ का कहना है कि यदि इस प्रकार की अभद्र और गैर-जिम्मेदार टिप्पणियों पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन स्तर पर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी।
फिलहाल ज्ञापन मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी ने खुरई में विवाद खड़ा कर दिया है। देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी जल्दी और कितनी सख्त कार्रवाई करती है।