सागर- सड़क हादसे में एक की मौत, बच्ची सहित दो लोग पहुंच अस्पताल |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के शाहगढ़ तहसील क्षेत्र में सोमवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसा निर्माणाधीन फोरलेन मार्ग पर छानबीला थाना क्षेत्र के बिलगुवा तिराहे के पास हुआ। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर जान चली गई, जबकि उसकी बेटी सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, शाहगढ़ की ओर से बसंत अहिरवार अपनी 10 वर्षीय बेटी राखी को लेकर मोटरसाइकिल से सागर की ओर जा रहा था। उसी दौरान सामने से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक उनकी बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बसंत अहिरवार, उम्र 35 वर्ष, निवासी रिछाई, की मौके पर ही जान चली गई।
हादसे में बसंत की बेटी राखी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर, हादसे के दौरान ट्रक भी पलट गया, जिससे ट्रक चालक घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना पर छानबीला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसा ट्रक की तेज रफ्तार से हुआ या सड़क पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण। निर्माणाधीन फोरलेन पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार को तबाह कर दिया। एक मासूम बच्ची अपने पिता को खो बैठी और खुद गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।