ऑटो नदी में गिरा, CCTV फुटेज आया सामने, ऑटो में सवार नहीं था कोई, वरना हो सकती थी बड़ी त्रासदी
एमपी के शाजापुर जिले के महुपुरा क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। यहां चिलर नदी पुल पर खड़ा एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय ऑटो में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, वरना यह घटना बड़ी त्रासदी का रूप ले सकती थी। जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक एक दुकान से सामान खरीदने के लिए रुका हुआ था। तभी अचानक ऑटो रिवर्स गियर में खिसकते हुए नदी की ओर बढ़ा और देखते ही देखते नीचे गिर गया। चिलर नदी का पुल निचली सतह पर होने के कारण ऑटो सीधे पानी में जा पलटा। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद की और ऑटो को नदी से बाहर निकलवाया। इस दौरान घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल बन गया। लोग इस बात पर भी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं कि पुल पर अब तक सुरक्षा रेलिंग नहीं लगाई गई, जबकि लगातार हादसे हो रहे हैं।
गौरतलब है कि रविवार को भी इसी स्थान पर एक बाइक सवार ने महिला को टक्कर मार दी थी। यानी दो दिनों में लगातार दो हादसे होने से स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है और शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। ऑटो चालक ने बताया कि “नदी पर रेलिंग नहीं है। प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए। रविवार को भी हादसा हुआ था और आज फिर वही हुआ है। लगता है नगर पालिका कुंभकरण की नींद में है।” शाजापुर के महुपुरा क्षेत्र में हुई यह घटना एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही की ओर इशारा करती है। लोग मांग कर रहे हैं कि चिलर नदी पुल पर जल्द से जल्द रेलिंग लगाई जाए, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।