Sagar-अब अतिक्रमण हटवाने विधायक और निगम अध्यक्ष उतरे सड़क पर, तीन बत्ती क्षेत्र में चला अभियान
सागर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम का अभियान तेज हो गया है। सोमवार को विधायक शैलेंद्र कुमार जैन और नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने तीन बत्ती क्षेत्र का निरीक्षण किया और सड़क पर फैले अतिक्रमण को हटवाया। कटरा स्थित तीन बत्ती इलाके में विधायक जैन और निगम अध्यक्ष खुद मैदान में उतरे।
गांधीगिरी दिखाते हुए उन्होंने दुकानदारों और ठेला संचालकों से संवाद किया और अपील की कि सभी अपना सामान पीली लाइन के भीतर ही रखें। निरीक्षण के दौरान कई दुकानदार सड़क पर दुकान फैलाए बैठे थे। विधायक और अध्यक्ष ने नगर निगम कर्मचारियों की मदद से उनका सामान स्वयं हटवाकर पीली लाइन के पीछे रखवाया। यह देखकर अन्य व्यापारियों ने भी स्वेच्छा से अपना सामान व्यवस्थित ढंग से पीछे कर लिया।
यही नहीं, सड़क किनारे खड़े टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर वाहनों पर भी सख्ती दिखाई गई। नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए और वाहन चालकों को समझाइश दी गई कि शहर को अव्यवस्थित करने के बजाय सभी निर्धारित नियमों का पालन करें। मौके पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा – “यह हमारा अपना शहर है।
यदि हम सब मिलकर बनाई गई व्यवस्था का पालन करेंगे तो न सिर्फ ट्रैफिक की समस्या दूर होगी बल्कि सागर और भी सुंदर और व्यवस्थित नजर आएगा।” इस दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष विक्रम सोनी, पार्षद डब्बू साहू, समाजसेवी प्रासुख जैन और अनिल लालवानी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।