सागर-साथ चलने से इनकार किया तो पत्नी पर टूटा पति का कहर,पत्नी की नाक काटी, मामी पर भी हमला
एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी नाक काट दी। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना सागर जिले के खुरई देहात थाना क्षेत्र के ढिकुआ गांव की है, जहां रविवार शाम को आरोपी बहादुर अहिरवार ने अपनी पत्नी रोशनी (25) पर हमला कर दिया। आरोपी ने पत्नी के गाल और हाथों पर भी कई बार चाकू से वार किए। इस दौरान जब रोशनी की मामी अर्चना बीच-बचाव करने आईं, तो बहादुर ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, रोशनी 15 दिन से अपने मामा शरमन अहिरवार के घर रह रही थी। आरोपी शराब का आदी है और आए दिन पत्नी से मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर रोशनी मायके छोड़कर मामा के पास आ गई थी। लेकिन रविवार को जब आरोपी बहादुर उसे जबरन साथ ले जाने पहुंचा और रोशनी ने मना कर दिया, तो उसने उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। घायल रोशनी और उसकी मामी अर्चना को तत्काल खुरई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रोशनी की हालत नाजुक देखते हुए उसे सागर रेफर कर दिया। वहीं अर्चना का इलाज खुरई में जारी है। मामा शरमन अहिरवार कि "मेरी भांजी को उसका पति काफी समय से प्रताड़ित कर रहा था।
बहादुर का व्यवहार हिंसक हो चुका था। कई बार समझाया लेकिन वह नहीं माना। आज उसने जान से मारने की कोशिश की।" फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा की गंभीर तस्वीर सामने ला दी है।