ग्वालियर में शाम को हुआ था झगड़ा, बदला लेने रात को किया हमला, CCTV में घटना कैद |SAGAR TV NEWS|
ग्वालियर में दो युवको में सोमवार शाम झगड़ा हो गया। जिसके बाद झगड़े का बदला लेने के लिए एक पक्ष से कुछ युवक रात में दूसरे युवक के घर के सामने पहुंचे और गाली-गलौज के साथ हवाई फायर किए। इतना ही नहीं, बाहर खड़ी कार पर बीयर की बोतल दे मारी, जिससे कार का शीशा टूट गया। पूरी वारदात न सिर्फ मोहल्ले में दहशत फैलाने वाली रही बल्कि CCTV कैमरे में भी कैद हो गई।
पंचशील नगर निवासी मोहन प्रजापति, जो एक प्राइवेट फर्म में काम करते हैं, का सोमवार शाम मोहल्ले के ही देवू जाटव से विवाद हो गया था। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत तो करा दिया, लेकिन देवू ने बदला लेने की ठान ली। रात 10:30 बजे देवू अपने साथियों अंकुश जाटव और कुल्लू के साथ मोहन के घर पहुंचा। वहां पहले गालियां दीं, फिर फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान कुल्लू ने बीयर की बोतल उठाकर मोहन की कार पर दे मारी, जिससे कार का शीशा चकनाचूर हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें हमलावर पत्थर फेंकते और गोलियां चलाते नजर आए। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मोहन प्रजापति का कहना है कि हमला करने वाले अपराधी प्रवृत्ति के हैं। कुछ समय पहले उन्होंने एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की थी और करीब 3 महीने जेल में रह चुके हैं। उनके खिलाफ भोपाल में भी केस दर्ज है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना के बाद से दहशत का माहौल है।