भोपाल के होशंगाबाद रोड पर चलती कार में आग , दो महिला समेत 3 लोग तुरंत बाहर निकले |SAGAR TV NEWS|
भोपाल के होशंगाबाद रोड पर मंगलवार रात करीब 8:30 बजे एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार तीन लोगों — जिनमें दो महिलाएं शामिल थीं — ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आईएसबीटी स्थित फायर स्टेशन से दमकल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग की घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे दोनों ओर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात सुचारु कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार मिसरोद से भोपाल की ओर आ रही थी। जैसे ही वह दानिश नगर चौराहे के पास पहुंची, उसमें से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। राहगीरों ने कार सवारों को आग के बारे में बताया, जिसके बाद सभी ने फौरन कार से बाहर निकलकर जान बचाई। कार को एक युवक चला रहा था, जबकि दो महिलाएं भी मौजूद थीं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल की मदद से जली हुई कार को सड़क के किनारे कर दिया गया, जिससे यातायात दोबारा सामान्य हो सका।