सागर जिले में अब तक 82% बारिश, देवरी में सबसे ज्यादा, सागर शहर में सबसे कम |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले में इस बार मानसून ने उम्मीद के मुताबिक बरसात दी है, लेकिन पिछले साल की तुलना में अब तक 2 प्रतिशत कम पानी गिरा है। फिलहाल जिले में औसत 82 प्रतिशत बारिश का कोटा पूरा हो चुका है। मौसम विभाग ने आज फिर से बारिश की संभावना जताई है। मंगलवार शाम और बुधवार की सुबह सागर शहर समेत देवरी, रहली, गढ़ाकोटा और आसपास के इलाकों में जोरदार बारिश हुई। वहीं कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश होने से उमस और गर्मी से राहत जरूर मिली है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के उत्तरी हिस्से से दो मानसूनी ट्रफ गुजर रहे हैं, जिनके असर से अगले 24 घंटों में जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
अब तक जिले में 1013.3 मिमी यानी करीब 40 इंच बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बारिश देवरी में 1341.3 मिमी हुई है। वहीं सागर शहर में इस बार अब तक सिर्फ 858 मिमी पानी गिरा है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 1251 मिमी बारिश हो चुकी थी। जिले की सामान्य औसत बारिश 1230.5 मिमी मानी जाती है। ऐसे में अभी भी औसत का लक्ष्य पूरा करने के लिए 28 दिनों में करीब 217 मिमी पानी की जरूरत है। पिछले साल 2 सितंबर तक जिले में 1034 मिमी बारिश दर्ज हुई थी, यानी इस बार सीजन थोड़ा कमजोर है। किसानों और ग्रामीण इलाकों के लोगों की नजर अब आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी है। यदि मौसम का यही रुख रहा तो खेतों और फसलों के लिए पानी की कमी नहीं होगी।