तहसील में जुटे बैंक कर्जदार, साढ़े चार करोड़ का बकाया, 454 कर्जदारों को नोटिस, पेशी पर पहुँचे किसान
सागर जिले के शाहगढ़ तहसील कार्यालय में बुधवार सुबह अनोखा नज़ारा देखने को मिला। सैकड़ों की संख्या में बैंक कर्जदार तहसील पहुंचे, जहाँ उनके प्रकरणों की सुनवाई और समझौते की प्रक्रिया पूरी की गई।जानकारी के अनुसार, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से विभिन्न योजनाओं के तहत कर्ज लेने वाले बकायादारों को पिछले सप्ताह ही तहसील कार्यालय से नोटिस जारी किए गए थे। बुधवार को सुबह 11 बजे उन्हें अपनी पेशी के लिए बुलाया गया था।
शाहगढ़ तहसीलदार जी.सी. राय, सेंट्रल बैंक के सीनियर मैनेजर मोहित और दलपतपुर शाखा प्रबंधक सहित बैंक कर्मचारी कर्जदारों से एक-एक कर मिले। इस दौरान उन्हें समझाया गया कि निर्धारित समय में राशि जमा कर दी जाए, ताकि आगे किसी तरह की असुविधा न हो। बैंक की ओर से छूट का लाभ मिलने के बावजूद कई बकायादार राशि जमा करने में टालमटोल करते नजर आए।
बैंक रिकॉर्ड के मुताबिक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की दलपतपुर शाखा से 454 कर्जदारों को लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की बकाया राशि के नोटिस भेजे गए थे। लेकिन तहसील कार्यालय में केवल करीब 250 कर्जदार ही पेश हुए। इनमें से अब तक 15 प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। कई किसानों का कहना था कि वे सरकारी कर्ज माफी योजनाओं की उम्मीद में भुगतान नहीं कर पाए और इसी वजह से डिफाल्टर बन गए। अब बैंक की ओर से कड़ी कार्रवाई और नोटिस आने पर उन्हें पेशी देना पड़ रही है।