सागर- त्योहार से पहले सड़कों पर उतरी पुलिस, पुलिस का भव्य फ्लैग मार्च, 100 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल
मध्यप्रदेश के सागर जिले में आगामी त्यौहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी कड़ी में आज शहर की सड़कों पर पुलिस का भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस मार्च का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा का विश्वास जगाना था। पुलिस अधीक्षक सागर विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिंहा के नेतृत्व में गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई। यह मार्च आईजी ऑफिस, गोपालगंज, दीनदयाल चौक, कोटा, तीन बत्ती, कटरा मस्जिद, बड़ा बाजार, मोती नगर, भगवानगंज, सदर, मकरोनिया और सिविल लाइन जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः पुलिस लाइन पर संपन्न हुआ।
इस दौरान एडीएम अविनाश रावत, नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप, डीएसपी यातायात मयंक सिंह चौहान, डीएसपी रेडियो सुरेश मर्सकोले, रक्षित निरीक्षक नितेश वायकर और शहर के तमाम थाना प्रभारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च ने पूरे शहर को यह संदेश दिया कि त्योहारों में सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह तैयार है।फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने न केवल वाहनों के साथ गश्त की, बल्कि संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च भी किया।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही आश्वस्त किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में पुलिस तुरंत मदद के लिए मौजूद रहेगी। प्रशासन का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करती हैं बल्कि आम नागरिकों में विश्वास और भाईचारे का वातावरण भी बनाती हैं। कुल मिलाकर, त्योहारों की तैयारियों के बीच सागर पुलिस का यह फ्लैग मार्च शहरवासियों के लिए सुरक्षा और शांति का भरोसा लेकर आया है।