Sagar- देवरी में धूमधाम से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, सुरक्षा रही कड़ी
सागर जिले के देवरी नगर में शुक्रवार को मुस्लिम समाज ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर नगर में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
गांधी वार्ड से गुटी खान के नेतृत्व में जुलूस की शुरुआत हुई। यह जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सिविल लाइन, संजय नगर, बाजार वार्ड की छोटी मस्जिद और नगर पालिका चौराहे से गुजरता हुआ रंगरेज मस्जिद पर संपन्न हुआ। जुलूस में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में तिरंगा और कलमा लिखे झंडे थामे लोग नबी-ए-पाक की शान में नारे लगाते और दुआएं पढ़ते आगे बढ़ते रहे। सिर पर हरी पगड़ियां और रंग-बिरंगे परिधान पहने युवाओं का जोश देखने लायक रहा। डीजे और बैंड पार्टी ने जुलूस को और भी आकर्षक बना दिया।
इस्लामी पंचांग के तीसरे महीने रबी-उल-अव्वल की 12 तारीख को मनाया जाने वाला यह पर्व इस बार 5 सितंबर 2025 को मनाया गया। सुबह से ही मुस्लिम परिवारों ने घरों में सजावट की, इबादत की और पैगंबर साहब के बताए आदर्शों को याद किया।
जुलूस में गुटी उर्फ समीम खान और फिरोज खान सहित अनेक लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे। नगर के विभिन्न स्थानों पर समाज के लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और मिलाद की मुबारकबाद दी।
त्योहार को लेकर प्रशासन भी सतर्क रहा। पुलिस ने चौक-चौराहों पर जवान तैनात किए और लगातार गश्त करते रहे। सामाजिक संगठनों ने भी सहयोग करते हुए शांति और भाईचारे का संदेश दिया।