Sagar- कृषि वैज्ञानिक के घर में घुसा 5 फीट का कोबरा, स्नेक कैचर ने बचाई जान
सागर जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां कृषि अनुसंधान केंद्र के पास बने एक क्वार्टर में रविवार सुबह पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा घुस गया। सांप घर के सोफे के नीचे छिपा बैठा था, जिसे देखकर घरवालों के होश उड़ गए। यह घटना कृषि वैज्ञानिक मयंक मेहरा के क्वार्टर की है।
सुबह जब उन्होंने कमरे का दरवाज़ा खोला तो अचानक उनकी नज़र सोफे के पास पड़े सांप पर पड़ी। करीब पांच फीट लंबा कोबरा देखकर वैज्ञानिक तुरंत बाहर निकल आए और आसपास के लोगों को सूचना दी।घटना की जानकारी मिलते ही मशहूर स्नेक कैचर बबलू पवार को बुलाया गया। बबलू पवार मौके पर पहुंचे और सावधानी से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उन्होंने कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया।
बबलू पवार ने बताया कि यह कोबरा बेहद जहरीली प्रजाति का है और यदि किसी को डस ले तो उसकी जान पर खतरा बन सकता है। उन्होंने बताया कि सांप घर के सोफे के नीचे छिपकर बैठा हुआ था और ज़रा सी असावधानी से बड़ा हादसा हो सकता था। कोबरा पकड़े जाने के बाद क्वार्टर में मौजूद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।
सभी ने स्नेक कैचर बबलू पवार की सराहना की। विशेषज्ञों का कहना है कि इन दिनों बरसात और उमस की वजह से सांप और अन्य जीव-जंतु अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं। लोगों को घर के आसपास सफाई बनाए रखने और रात के समय चलते वक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है।