शिप्रा में कार गिरी, टीआई अशोक शर्मा का शव मिला – SI और कॉन्स्टेबल की तलाश जारी |SAGAR TV NEWS|
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शिप्रा नदी में कार गिरने से तीन पुलिसकर्मी लापता हो गए, जिनमें से एक का शव बरामद कर लिया गया है। फिलहाल बाकी दो की तलाश जारी है। हादसा शनिवार देर रात का है, जब उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा, एसआई मदनलाल निमामा और कॉन्स्टेबल आरती पाल गुमशुदा नाबालिग लड़की की तलाश में उज्जैन से चिंतामन जा रहे थे। रास्ते में कार पुल से अनियंत्रित होकर शिप्रा नदी में जा गिरी। सुबह करीब 8 बजे रेस्क्यू टीम ने कार गिरने वाली जगह से 4 किलोमीटर दूर टीआई अशोक शर्मा का शव बरामद किया। हालांकि एसआई मदनलाल निमामा और कॉन्स्टेबल आरती पाल अभी भी लापता हैं।
एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और होमगार्ड की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। रात करीब डेढ़ बजे अंधेरा और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू रोकना पड़ा, जिसे सुबह फिर शुरू किया गया। ड्रोन और बोट से सर्चिंग की जा रही है। इस हादसे की खास बात यह है कि कार कॉन्स्टेबल आरती पाल चला रही थीं। आरती अविवाहित थीं और महज 6 महीने पहले उनके भाई का निधन हुआ था। परिवार इस हादसे से गहरे सदमे में है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पुल पर रेलिंग नहीं थी, जिससे कार असंतुलित होकर सीधे नदी में समा गई।
पानी का बहाव तेज होने से सर्चिंग में भी भारी दिक्कत आ रही है। इस दर्दनाक हादसे से उज्जैन पुलिस विभाग में शोक की लहर है। प्रशासन ने हादसे की पूरी जांच के आदेश दे दिए हैं। एसपी प्रदीप शर्मा ने घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए बताया कि तीनों पुलिसकर्मी एक लापता महिला की तलाश में चिंतामण जा रहें थे। इस दौरान यह हादसा हों गया।