गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान आग, युवाओं के साहस से टली बड़ी घटना, कलेक्टर ने टॉर्च लेकर दिए निर्देश
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से बड़ी खबर है। गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान छोटी बाजार में शनिवार रात अचानक आग भड़क उठी। आतिशबाजी की चिंगारी से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। जिस दुकान में आग लगी थी, उसके नीचे पांच गैस सिलेंडर रखे थे। हालात बेहद खतरनाक थे, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
देर रात करीब सवा एक बजे तक आग पर नियंत्रण पाया जा सका।इस घटना ने प्रशासन की लापरवाही की पोल भी खोल दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम के पास सुरक्षा उपकरण तक नहीं थे। कर्मचारियों को बिना सेफ्टी किट के आग में कूदना पड़ा। इतना ही नहीं, पानी की आपूर्ति बाधित रही और डीजल की कमी से हालात और बिगड़ गए। रिकॉर्ड में 15 कर्मचारी दर्ज थे, लेकिन मौके पर सिर्फ 2 से 3 ही मौजूद पाए गए। मजबूरी में दूसरी जगह से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड मंगवानी पड़ी।
ऐसे कठिन हालात में स्थानीय युवाओं ने साहस दिखाया। सीढ़ियों के सहारे ऊपर चढ़कर और बाल्टियों से पानी डालकर उन्होंने आग बुझाने में मदद की। इसी सहयोग से आग फैलने से रोकी जा सकी। फायर ब्रिगेड कर्मचारी सौरभ दीक्षित और उनकी टीम ने भी बिना सुरक्षा उपकरण के जान जोखिम में डालकर आग बुझाई।
आग की सूचना मिलते ही कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह, जिला पंचायत CEO अग्रिम कुमार, ADM धीरेन्द्र सिंह, SDM सुधीर जैन और निगम उपायुक्त बाथम समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कलेक्टर ने खुद हाथ में टॉर्च लेकर कर्मचारियों को राह दिखाई और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों को हरसंभव मदद और नुकसान का आकलन कर सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।