Sagar - स्कूल से घर लौट रहे छात्रों को शराबी कार चालक ने पहुंचाया अस्पताल
सागर से बड़ी खबर… शराब के नशे में धुत्त कार चालक ने दो मासूम छात्रों की जिंदगी खतरे में डाल दी। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे साइकिल सवार छात्रों को कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा। यह दर्दनाक हादसा नरयावली थाना क्षेत्र के जरूवाखेड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत बीसमील तिराहे पर हुआ।
यहां इंडिगो कार क्रमांक एमपी 15 सीए 6084 तेज रफ्तार में आई और साइकिल से घर लौट रहे दो छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरूवाखेड़ा के 10वीं कक्षा के छात्र कृष्णा विश्वकर्मा (पाली) और निशांत यादव (तोड़ा) बुरी तरह घायल हो गए। दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने समझदारी दिखाते हुए एक-दूसरे से संपर्क कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। कार चालक की पहचान सौरभ यादव, निवासी खुरई, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक अत्यधिक शराब के नशे में था। हालत यह थी कि पुलिस वाहन में बैठाते ही उसने उल्टियां करना शुरू कर दिया। जैसे ही घटना की खबर फैली, पुलिस और स्कूल शिक्षक भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।