Sagar- रात में श्मशान घाट पर गूंजे भजन, भक्तों की भीड़ उमड़ी, खुरई में पितृपक्ष पर अनोखा आयोजन
आमतौर पर रात के समय श्मशान घाट जाने का ख्याल भी मन में सिहरन पैदा कर देता है, लेकिन सागर जिले के खुरई के भूतेश्वर मंदिर के पास स्थित श्मशान घाट पर बीती रात एक अलग ही नजारा देखने को मिला। पितृपक्ष के अवसर पर यहां भजन और संकीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। खुरई के इस श्मशान घाट पर मोरारी बापू की मानस मसान कथा से प्रेरित होकर यह विशेष आयोजन किया गया।
अंधेरी रात में जहां सामान्य तौर पर सन्नाटा और भय का माहौल रहता है, वहीं भजनों की धुन और भक्तों के उत्साह से पूरा परिसर गूंज उठा। लोग शिव भजनों पर झूमते और थिरकते नजर आए। समिति का कहना है कि यह आयोजन लगातार तीसरे साल किया गया है। पितृपक्ष में इस तरह कीर्तन और भजन से लोगों को यह संदेश दिया जाता है कि मसान केवल मृत्यु का स्थान नहीं, बल्कि सत्य, प्रेम और करुणा की भूमि भी है। आयोजकों ने बताया कि मसान ही वह स्थान है जहां इंसान को जीवन का वास्तविक सत्य समझ में आता है।
यह भूमि व्यक्ति को सदा के लिए विश्राम देती है, लेकिन साथ ही उसे जागरूक भी करती है। मानस और मसान, दोनों ही हमें जीवन की गहराई से परिचित कराते हैं। खुरई के श्मशान घाट में हुए इस संकीर्तन ने लोगों की सोच बदल दी। जहां लोग सामान्यतः भय से दूर रहते हैं, वहीं इस आयोजन ने साबित कर दिया कि भक्ति का भाव हर स्थान को पवित्र और आनंदमय बना सकता है।