Sagar-अज्ञात व्यक्ति ने फेंकी सफाया दवाई, किसान की 21 एकड़ सोयाबीन फसल तबाह
सागर जिले के खुरई ग्रामीण थाना क्षेत्र के प्यासी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक किसान की 21 एकड़ सोयाबीन की फसल किसी अज्ञात व्यक्ति की करतूत से पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसान ने आरोप लगाया है कि किसी ने रंजिश के चलते उसकी मेहनत पर पानी फेर दिया। किसान अपनी फसल को संजोने के लिए जी-तोड़ मेहनत करता है,
ताकि सीजन के अंत में परिवार की खुशियां और आर्थिक सहारा मिल सके। लेकिन प्यासी गांव के पास खेत में खड़ी 21 एकड़ की सोयाबीन की फसल को अज्ञात व्यक्ति ने सफाया दवाई डालकर पूरी तरह खराब कर दिया। इतना ही नहीं, करीब एक एकड़ जमीन की फसल उखाड़कर फेंक दी गई और खेत की तार फेंसिंग को भी तोड़ दिया गया।
पीड़ित किसान प्रानसिंह दांगी, निवासी ग्राम सेमराघाट ने बताया कि इस साल सोयाबीन की पैदावार बेहद अच्छी हुई थी और उन्हें बड़ी उम्मीदें थीं। लेकिन एक झटके में सारी मेहनत बर्बाद हो गई। किसान ने बताया कि यह घटना किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम लगती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से योजनाबद्ध तरीके से खेत में नुकसान पहुंचाया गया, उससे साफ है कि आरोपी किसान की मेहनत और भविष्य पर चोट करना चाहता था।
पीड़ित किसान ने खुरई ग्रामीण थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इस वारदात के पीछे किसका हाथ है। इस घटना से किसान परिवार गहरे सदमे में है और गांव में भी रोष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल किसान बल्कि समाज की मेहनत पर भी कुठाराघात हैं।