एक हजार ट्रैक्टरों की रैली, लैंड पुलिंग के विरोध में भारतीय किसान संघ का शक्ति प्रदर्शन
एमपी के उज्जैन में किसानों ने लैंड पुलिंग के विरोध में जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में मंगलवार को हजारों किसान और करीब एक हजार ट्रैक्टर सड़कों पर उतरे। किसानों ने सरकार की नीतियों को खेती विरोधी बताते हुए प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान संघ के इस विशाल आंदोलन की शुरुआत सामाजिक न्याय परिसर से हुई। जिलेभर के किसान अपने-अपने ट्रैक्टर लेकर यहां पहुंचे। सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महामंत्री मोहिनी मोहन मिश्र ने लैंड पुलिंग योजना पर गंभीर आपत्ति जताई और कहा कि किसानों की जमीनें छीनकर उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।
सभा के बाद किसानों ने एक विशाल रैली निकाली। करीब एक हजार ट्रैक्टरों और हजारों किसानों का हुजूम चामुंडा माता चौराहा, टावर चौक, तीन बत्ती चौराहा होते हुए कोठी पैलेस पहुंचा। रैली के कारण शहर में कई घंटों तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। कोठी पैलेस पहुंचकर किसानों ने धरना दिया और मुख्यमंत्री के नाम एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
किसान संघ की मुख्य मांग है कि सिंहस्थ के लिए किसानों की जमीन सिर्फ एक वर्ष के लिए ली जाए और बाकी 11 साल तक किसानों को खेती करने दी जाए। साथ ही इस भूमि पर कोई स्थायी निर्माण नहीं किया जाए। मोहिनी मोहन मिश्र ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों की मांगों को अनसुना किया तो भारतीय किसान संघ बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि किसानों की जमीन हमारी धरोहर है और इसे किसी भी हालत में बर्बाद नहीं होने देंगे।