Sagar- नए बस स्टैंड से भी चलेंगी यात्री बसें, नियम तोड़ा तो परमिट रद्द, देखिए पूरी खबर SAGAR TV NEWS
सागर में करोड़ों की लागत से बने नए बस स्टैंड सफेद हाथी साबित हो रहे थे लेकिन अब जिला प्रशासन की पहल पर बड़ा निर्णय लिया गया है, आरटीओ ने यात्री बसों के संचालन को लेकर बदलाव किया है। अब यात्री बसें भोपाल रोड और आरटीओ कार्यालय के पास तैयार हुए दोनों नए बस स्टैंड पर रुकते हुए गंतव्य के लिए जाएंगी। यदि उस मार्ग पर संचालित होने वाली यात्री बसें नए बस स्टैंड पर नहीं रुकती हैं, तो उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए परमिट निरस्ती भी की जाएगी।
इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में बस ऑपरेटर्स के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उपस्थित बस आपरेटरों द्वारा इस नई व्यवस्था को लेकर सहमति व्यक्त की गई है। बैठक में जिला बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी अतुल कुमार दुबे, रोहित पाण्डे, तारिक कुरैशी, उत्तम सिंह, इलियास खान, विनोद कुमार भट्ट, सलीम कुरैशी सहित अन्य ऑपरेटर्स उपस्थित रहे
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मनोज कुमार तेहनगुरिया ने बताया सभी वाहन स्वामियों को अवगत कराया गया है कि सागर-भोपाल मार्ग पर संचालित होने वाली सभी यात्री बसें भोपाल रोड स्थित नवीन बस स्टैंड परिसर और सिलवानी, जैसीनगर मार्ग पर संचालित होने वाली सभी यात्री बसों को आरटीओ कार्यालय के समीप स्थित नवनिर्मित बस स्टैंड पर रुकते हुए जाने के निर्देश दिए हैं।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बस संचालकों से कहा कि प्रायः यह देखने में आया है कि मुख्य बस स्टैंड के आसपास के व्यस्ततम क्षेत्रों में यात्री बसों की पार्किंग की जा रही है, जिससे यातायात प्रभावित होता है। शहरी क्षेत्र में दुर्घटना होने की स्थिति बनी रहती है। इसलिए शहरी क्षेत्र में व मैन बस स्टैंड के आसपास यात्री बसों को खड़ा न किया जाए। यदि चैकिंग के दौरान बसें नियम विरुद्ध तरीके से खड़ी पाई गईं तो कार्रवाई की जाएगी।