ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहने महिला चोरी करते रंगे हाथों गिरफ्तार, CCTV में कैद वारदात
एमपी के उज्जैन से बड़ी खबर… जहां एक ज्वेलरी शॉप में चोरी की वारदात को दुकानदार ने अपनी सूझबूझ से नाकाम कर दिया। बुर्का पहनकर आई महिला ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई थी, लेकिन उसकी हरकतें कैमरे में कैद हो गईं और उसी वक्त पकड़ी भी गई।
घटना उज्जैन के लखेरवाड़ी इलाके की है। यहां नरेंद्र झंवर की ज्वेलरी शॉप में एक बुर्का पहने महिला पहुंची। उसने दुकानदार से चांदी के जेवर दिखाने को कहा। दुकानदार जेवर निकालकर दूसरे ग्राहकों को दिखाने में व्यस्त हुआ, तो महिला ने मौका पाकर चुपके से जेवरों का एक बॉक्स अपने पास छिपा लिया।
लेकिन महिला की ये चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल पाई। दुकानदार की पैनी नजर उसकी हरकत पर पड़ गई और उसने तुरंत महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया।
वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी साफ तौर पर कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि बुर्का पहने महिला किस तरह चोरी की कोशिश करती है और फिर पकड़ी जाती है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि महिला उज्जैन की नहीं है बल्कि बाहर से चोरी करने के इरादे से आई थी।
राहुल देशमुख, सीएसपी उज्जैन ने बताया कि एक बुर्का पहने महिला ने ज्वेलरी शॉप से चांदी के जेवर चुराने की कोशिश की थी। दुकानदार ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। पूरी वारदात CCTV में रिकॉर्ड हुई है। महिला से पूछताछ जारी है।