कुएं में गिरी बोलेरो, 9 घंटे बाद निकला शव, 4 साधुओं की मौत, 3 लोग पहुंच अस्पताल
एमपी के छिंदवाड़ा जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सांवरी पुलिस चौकी अंतर्गत टेमनी खुर्द गांव के पास साधुओं से भरी बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई। इस हादसे में चार साधुओं की जान चली गई, जबकि तीन साधु घायल हुए हैं जिनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
यह हादसा बैतूल रोड पर देर रात हुआ। बोलेरो में कुल सात लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन का टायर अचानक फट गया और गाड़ी अनियंत्रित होकर खुले मुंडेर वाले कुएं में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
एसडीईआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। शुरुआती घंटों में तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। वहीं चार लोग अंदर फंसे हुए थे। रात में ही तीन शव बाहर निकाल लिए गए थे, लेकिन कुएं में पानी अधिक होने की वजह से एक शव निकालना बेहद मुश्किल हो गया।
इसके बाद प्रशासन ने कुएं का पानी खाली कराया और गोताखोरों की मदद से सुबह करीब 5:30 बजे चौथे साधु का शव भी बाहर निकाल लिया गया। इस तरह करीब 9 घंटे तक चला यह रेस्क्यू ऑपरेशन आखिरकार पूरा हुआ।
सभी साधु मूल रूप से चित्रकूट के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे बैतूल जिले स्थित बालाजीपुरम दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में वाहन खराब होने की वजह से दर्शन किए बिना ही लौट रहे थे। इसी दौरान यह बड़ा हादसा हो गया।
प्रशानिक अधिकारी का कहना है कि बोलेरो में सवार कुल सात लोगों में से तीन सुरक्षित हैं और चार की जान जा चुकी है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
छिंदवाड़ा का यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक का विषय बन गया है। साधुओं की जान जाने से धार्मिक समुदाय में भी गहरा दुख देखा जा रहा है।