Sagar - सिलोधा गांव में शराब और गांजा बिक्री पर ब-वा-ल, ग्रामीणों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सागर जिले के खुरई के सिलोधा गांव में अवैध शराब और गांजा की बिक्री ने ग्रामीणों का जीना दुश्वार कर दिया है। परेशान ग्रामीणों ने रविवार को एसडीएम मनोज चौरसिया को ज्ञापन सौंपकर गांव में नशे के कारोबार को पूरी तरह बंद करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में तीन जगहों पर अवैध रूप से शराब बिक रही है, वहीं एक स्थान पर गांजा खुलेआम बेचा जा रहा है। इन अवैध धंधों की वजह से गांव का माहौल लगातार बिगड़ रहा है।
शराब और गांजा की लत के कारण कई युवा अपना भविष्य बर्बाद कर रहे हैं। घरों की आर्थिक स्थिति चरमरा रही है और आए दिन परिवारिक विवाद व झगड़े सामने आ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि नशे का यह कारोबार केवल युवाओं को बर्बाद नहीं कर रहा बल्कि गांव की सामाजिक संरचना पर भी गहरा असर डाल रहा है। आए दिन शराबियों के कारण झगड़े-फसाद होते हैं और माहौल तनावपूर्ण बना रहता है। महिलाएं भी इस स्थिति से सबसे ज्यादा परेशान हैं।
ग्रामीणों ने इस समस्या के समाधान के लिए न केवल एसडीएम को ज्ञापन सौंपा बल्कि देहात थाना भी पहुंचकर थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर को लिखित आवेदन दिया। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन अगर समय रहते इस पर सख्ती नहीं बरतता तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। बृजेश दुबे, सरपंच बोले क़ि “गांव में अवैध शराब और गांजा बिक रहा है, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है। युवा नशे की चपेट में आ रहे हैं और घर-घर विवाद हो रहे हैं। हमने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।” फिलहाल प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना होगा कि सिलोधा गांव को नशे से मुक्ति कब तक मिल पाती है।