Sagar- कॉलेज में फर्स्ट ईयर का रिजल्ट जीरो, छात्रों का हंगामा, जांच की मांग
सागर जिले के रहली से बड़ी खबर सामने आई है। यहां शासकीय महाविद्यालय के फर्स्ट ईयर के सैकड़ों छात्र-छात्राओं का रिजल्ट जीरो आने पर कॉलेज परिसर से लेकर एसडीएम कार्यालय तक हंगामा खड़ा हो गया। नाराज छात्रों ने नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। रहली के सरकारी कॉलेज में बीए और बीएससी फर्स्ट ईयर के करीब 400 छात्रों का रिजल्ट हाल ही में घोषित किया गया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि सभी छात्रों को जीरो अंक दिए गए। इस नतीजे से छात्रों में गुस्सा फूट पड़ा और सोमवार को भारी संख्या में छात्र-छात्राएं एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। छात्रों ने रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए और कहा कि सैकड़ों बच्चों ने परीक्षा में कुछ न कुछ जरूर लिखा था, ऐसे में सभी को एक साथ जीरो देना किसी बड़ी गड़बड़ी का संकेत है।
छात्रों ने रिजल्ट की जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। छात्र नेता हर्ष चौरसिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते विश्वविद्यालय और प्रशासन ने इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं करवाई तो छात्र-छात्राएं आंदोलन करने को मजबूर होंगे। रहली कॉलेज के फर्स्ट ईयर का रिजल्ट विवाद अब छात्र आंदोलन का रूप ले चुका है। देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले पर क्या कदम उठाता है।