पत्नी को भगा ले गई मेरी बहन! पति पहुंचा एसपी ऑफिस, पुलिस कर रही तलाश
एमपी गजब है सबसे अलग है। जबलपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने एसपी ऑफिस पहुंचकर फरियाद की है कि उसकी पत्नी को उसकी ही ममेरी बहन भगा ले गई है। मामला सुनकर पुलिस भी सकते में है।
दरअसल, 30 वर्षीय आशुतोष बंसल की शादी 7 साल पहले संध्या से हुई थी। दोनों का 5 साल का बेटा भी है। आशुतोष पढ़ाई के लिए जबलपुर आया था, जहां उसकी ममेरी बहन मानसी अकसर घर आती-जाती थी। शुरू में संध्या और मानसी का रिश्ता ननद-भाभी जैसा था, लेकिन वक्त के साथ दोनों की नजदीकियां बढ़ने लगीं।
पति आशुतोष का आरोप है कि 12 अगस्त को संध्या अचानक घर से बिना बताए चली गई। अगले दिन वह रेलवे स्टेशन पर मिली, लेकिन थाने जाने से मना कर दिया और अमरपाटन जाने की जिद करने लगी। वह कुछ दिन पति और बेटे के साथ रही, मगर 22 अगस्त को अचानक मोबाइल छोड़कर फिर से लापता हो गई।
घर लौटने के बाद आशुतोष ने संध्या का मोबाइल चेक किया, तो उसमें संध्या और मानसी की वॉट्सएप चैट मिली। चैट पढ़ने के बाद पति का शक और गहरा गया। उसने तुरंत अमरपाटन और जबलपुर दोनों जगह शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मानसी से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। अब घमापुर और अमरपाटन पुलिस मिलकर महिला की तलाश कर रही है। पति का कहना है कि वह सिर्फ इतना चाहता है कि उसकी पत्नी को ढूंढ़कर वापस लाया जाए, ताकि उनका बेटा मां से मिल सके।
सूर्यकांत शर्मा एएसपी जबलपुर ने बताया कि शिकायत दर्ज की गई है। महिला की तलाश के लिए जबलपुर और मैहर पुलिस संयुक्त रूप से काम कर रही है। जांच जारी है।
अब देखना होगा कि पुलिस की जांच में यह पूरा मामला किस रूप में सामने आता है और क्या पति को उसकी पत्नी वापस मिल पाती है या नहीं।