Sagar- यूरिया खाद को लेकर हाहाकार, किसानों की लंबी कतारें
सागर जिले के कई इलाकों में यूरिया खाद को लेकर किसानों की परेशानियां बढ़ गई हैं। हालात यह हैं कि किसान आधी रात से ही वितरण केंद्रों पर पहुंचने लगे। सागर और रहली से आई तस्वीरों में देखा गया कि रात तीन बजे से ही सैकड़ों किसान खाद पाने के लिए लाइन में खड़े थे।
इन केंद्रों पर महिलाओं की भी बड़ी संख्या देखी गई। महिलाएं पुरुषों के साथ लंबी कतारों में खड़ी होकर खाद प्राप्त करने का इंतजार करती रहीं। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से बुवाई कार्य प्रभावित हो सकता है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पुलिस बल तैनात किया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और व्यवस्था बनी रहे। इसके बावजूद कई केंद्रों पर अफरा-तफरी और धक्का-मुक्की जैसे हालात बने रहे।
किसानों का गुस्सा सरकार की व्यवस्था को लेकर साफ झलक रहा है। कई किसान 40 किलोमीटर दूर गांवों से सागर मुख्यालय तक सिर्फ यूरिया खाद लेने पहुंचे। उनका कहना है कि अगर आपूर्ति सुचारु नहीं हुई, तो रबी फसल पर गंभीर असर पड़ेगा।