क्या है भावांतर योजना? जिससे इन किसानों को मिलेगा बोनस, जानिए कैसे उठाएं फायदा |SAGAR TV NEWS|
एमपी में किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोयाबीन किसानों के हित में ये ऐलान किया है। उन्होंने प्रदेश में एक बार फिर भावांतर योजना लागू करने की घोषणा की। इसके अंतर्गत सोयाबीन की बिक्री न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी से कम कीमत पर होने पर राज्य सरकार किसानों को बोनस देकर उनके नुकसान की भरपाई करेगी। सीएम डॉ. मोहन यादव ने इस संबंध में ट्वीट करते हुए बताया कि भावांतर योजना के लिए 10 अक्टूबर से पंजीयन प्रारंभ होंगे। योजना को लेकर सीएम ने सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत भी की।
सीएम मोहन यादव ने सागर के जैसीनगर में गुरुवार को भावांतर योजना का ऐलान किया था। उन्होंने कहा कि सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 5328 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। पूरे प्रदेश में किसानों को ये रेट दिलाया जाएगा। MSP से कम दाम मिलने पर भी किसान को नुकसान नहीं होने देंगे। भावांतर योजना के माध्यम से राज्य सरकार घाटे की भरपाई करेगी। सीएम मोहन यादव ने बताया कि यदि सोयाबीन का भाव 5000 रुपए प्रति क्विंटल मिलता है तो किसानों को होनेवाले 328 रुपए के नुकसान की भरपाई राज्य सरकार उन्हें बोनस के रूप में देकर करेगी। प्रदेश के किसानों को एक रुपए का भी घाटा नहीं होगा
प्रदेश में भावांतर योजना के लिए पंजीयन 10 अक्टूबर से प्रारंभ होंगे और 25 अक्टूबर तक चलेंगे। भावांतर की अवधि 1 नवम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक की तय की गई है। किसानों को भावांतर की राशि सीधे बैंक खातों में दी जाएगी। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन होगा