Sagar - मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का भूपेंद्र सिंह पर निशाना, दो दिग्गज फिर आमने-सामने
सागर में भाजपा नेताओं में चल रही गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। अब जुबानी जंग भी तेज हो गई है। जैसीनगर में दशहरा के कार्यक्रम में प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुरखी से विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने बिना नाम लिए पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह पर हमला बोला। हालांकि इस संबंध में पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह ने फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
मंत्री राजपूत ने कहा ध्यान से सुनना, मुख्यमंत्री ने भी कहा है कि आप प्रस्ताव भेजें हम घोषणा कर देंगे लेकिन अभी प्रस्ताव गया नहीं और पेट में चूहा काटन लगे। कौन के पेट में काट रये? हम नाम नहीं ले रये। जो 10 साल इते के विधायक रये, हमाये पेलें कभऊं। जिनके विधायक रहते हुए एक पुलिया नहीं बनी। घर के लोग भेज दये, भतीजे भेज दये, कांग्रेस के चार-पांच लोग भेज दए के जाओ रे के आओ कि जैसीनगर बन गया, जय सिंह नगर बनेगा।
25 सितंबर को जैसीनगर में जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने क्षेत्रवासियों की ओर से जैसीनगर का नाम जय शिव नगर बनाने की मांग सीएम के सामने रखी थी। जिसे सीएम ने स्वीकृति देते हुए कहा था कि प्रस्ताव आते ही ऐसा कर दिया जाएगा। इसके बाद क्षत्रिय महासभा ने जैसीनगर का नाम जय शिव नगर करने का विरोध शुरू कर दिया और नाम जय सिंह नगर करने की मांग रखी। 5 अक्टूबर तक नाम बदलने की घोषणा निरस्त करने का अल्टीमेटम दिया है।