Sagar | खुरई- सुरखी में मूर्ति तोड़ने के मामलो का कांग्रेस ने जताया विरोध, कड़ी कार्रवाई की मांग
सागर में पिछले दस दिनों में दो जगह से डॉ.भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़े जाने के मामले सामने आये है, जिसके बाद जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने इन घटनाओं पर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस संबंध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने रविवार को कैंट थाना पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है
बताया गया कि 25 सितंबर को सागर जिले की सुरखी विधानसभा अंतर्गत करहद गांव में और 4 अक्टूबर को खुरई विधानसभा क्षेत्र के बांदरी में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़े जाने की घटनाएं हुई हैं। कांग्रेस ने इन दोनों घटनाओं को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि दोनों ही घटनाओं में समानता यह है कि ये उन क्षेत्रों में हुई हैं जहाँ भाजपा के विधायक प्रतिनिधित्व करते हैं।
इससे यह आशंका और गहराती है कि यह घटनाएं सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र का हिस्सा हो सकती हैं।कांग्रेस ने मांग की है कि दोनों मामलों की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की जाए,ताकि दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जा सके