सागर- मुख्यमंत्री, रक्षा मंत्री से महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण कराने का प्रस्ताव |SAGAR TV NEWS|
सागर जिला क्षत्रिय समाज का दशहरा मिलन समारोह बड़े धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कार्यवाहक अध्यक्ष हरिराम सिंह एवं संयोजक कृष्णा सिंह महुआखेड़ा ने किया। इस अवसर पर जिलेभर से हजारों क्षत्रिय समाज के लोग एकत्र हुए। कार्यक्रम की शुरुआत वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप, महाराज छत्रसाल और राजा उद्देनशाह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की गई। हरिराम सिंह ने नगर निगम और प्रशासन को धन्यवाद दिया कि समाज के गौरव महाराणा प्रताप की प्रतिमा के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने मांग रखी कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से कराया जाए। साथ ही समाज की एकता और विकास के लिए नए नेतृत्व की आवश्यकता जताई। सर्वसम्मति से नीरज सिंह ठाकुर (नयाखेड़ा) को जिला क्षत्रिय समाज का नया अध्यक्ष घोषित किया गया। इस निर्णय का उपस्थित सभी लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने दशहरा की शुभकामनाएं दीं और नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि महाराणा प्रताप भवन और प्रतिमा अनावरण की मांग को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने कहा कि समाज की एकता और भाईचारे के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने सामाजिक कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने पर बल दिया ताकि समाज में जागरूकता और एकजुटता बनी रहे।
समारोह में जिलेभर से वरिष्ठ एवं युवा सदस्य मौजूद रहे। प्रमुख रूप से राजकुमार सिंह बरकोटी, नर्मदा सिंह सुरखी, सौदान सिंह, पूर्व अध्यक्ष जाहर सिंह, सत्यजीत सिंह ठाकुर (बीना), एडवोकेट अनिल सिंह, सुधीरभाई सिंह केसली, राजेंद्र सिंह बुंदेला सहित हजारों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसमें समाज ने एकजुट होकर विकास और संगठन को नई दिशा देने का संकल्प लिया।