Sagar- एकतरफा कार्रवाई के विरोध में भड़के दवा व्यापारी, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
सागर जिले के देवरीकलां में प्रशासन की एकतरफा कार्यवाही के विरोध में मंगलवार को देवरी औषधि विक्रेता संघ का आक्रोश फूट पड़ा। संघ ने एकजुट होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि अगर सिंघई मेडिकल के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई तत्काल वापस नहीं ली गई, तो बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा ड्रग एक्ट के तहत मनमानी कार्रवाई की जा रही है। बिना व्यापारी पक्ष को सुने दुकानें बंद कराना और लाइसेंस निलंबित करना पूरी तरह तानाशाही रवैया है। इस तरह की कार्रवाई से समूचे दवा व्यापारियों में गहरा असंतोष है।
औषधि विक्रेता संघ ने याद दिलाया कि कोरोना काल में दवा व्यापारी 24 घंटे मरीजों की सेवा में जुटे थे, लेकिन अब उन्हीं पर गलत तरीके से कार्रवाई की जा रही है। संघ ने कहा कि हम सभी मध्य प्रदेश केमिस्ट एसोसिएशन और ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट ऑर्गनाइजेशन AICDO से संबद्ध हैं, जिसके 12.5 लाख सदस्य देशभर में नियमों के तहत काम कर रहे हैं। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने अपने आदेश वापस नहीं लिए, तो क्षेत्र की सभी मेडिकल दुकानें बंद रहेंगी। इससे मरीजों को दवाओं की भारी किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। व्यापारियों ने कहा हम बातचीत के पक्षधर हैं, लेकिन अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे। संघ के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। संघ ने कहा कि यदि प्रशासन ने मांगें नहीं मानीं, तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।