सागर में घर के अंदर निकली नागिन और फिर 15 मिनट की मशक्कत के बाद पकड़ा
सागर शहर के पुरव्याऊ टोरी इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक मकान के बेडरूम में पलंग पेटी के नीचे ज़हरीला स्पेक्टेकल कोबरा प्रजाति का बेबी कोबरा निकल आया। यह सांप मकान मालिक शैलेश चौरसिया के घर में था, और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बन गई थी। परिवार के सदस्यों ने जैसे ही सांप को देखा, तुरंत स्थानीय सर्प मित्र को सूचना दी।
बबलू पवार मौके पर पहुंचे और लगभग 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद इस खतरनाक कोबरा को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया। बबलू पवार ने बताया कि यह बेबी कोबरा यानि नागिन भी उतना ही ज़हरीला होता है जितना वयस्क सांप। इसके काटने से कुछ ही मिनटों में इंसान की जान जा सकती है, अगर समय पर इलाज न मिले। उन्होंने कहा हमने कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ा है और इसे जंगल में छोड़ दिया जाएगा ताकि यह इंसानों और खुद दोनों के लिए सुरक्षित रहे।
इसी के साथ सागर के लेदरानाका क्षेत्र में भी एक और सांप निकलने से अफरा-तफरी मच गई। यहां पूर्व सैनिक महेंद्र पटेल के मकान में पूजा वाले कक्ष में रेड स्नेक प्रजाति का सांप दिखाई दिया। बबलु पवार की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस सांप को भी सुरक्षित रूप से पकड़कर जंगल में छोड़ा। दोनों ही घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया कि बारिश के मौसम में सांपों का निकलना आम हो गया है, और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। सर्प मित्रों ने अपील की है कि यदि किसी घर में सांप दिखाई दे, तो खुद उसे मारने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित सर्प मित्रों या वन विभाग को सूचना दें।