Sagar- जिंदगी से बड़ी बनी बाइक, बीना नदी में बहा युवक, 24 घंटे बाद मिली लाश
सागर और विदिशा जिले की सीमा पर बीना नदी के टीहर-बिलगौना रिपटा पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक युवक अपनी बाइक को बचाने के चक्कर में नदी में कूद गया, लेकिन उसकी जान चली गई। 24 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह युवक का शव बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक, विदिशा जिले के त्योंदा सुनेटी गांव का रहने वाला युवक आकाश लोधी अपने साथ एक छोटे लड़के को लेकर बाइक से नदी पार कर रहा था। इस दौरान बीना नदी का पानी उफान पर था और तेज बहाव के कारण रिपटे पर बाइक अचानक गड्ढे में फंस गई। बाइक असंतुलित होकर नदी में बह गई।
युवक ने तुरंत कपड़े उतारे और बाइक को निकालने के लिए खुद नदी में छलांग लगा दी। लेकिन तेज बहाव में वह खुद ही पानी में बह गया और लापता हो गया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला, तो उसके साथ आए लड़के ने मोबाइल से परिजनों को खबर दी।
परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश की, लेकिन जब सफलता नहीं मिली, तो एसडीआरएफ टीम को सागर से बुलाया गया। मंगलवार की देर शाम तक टीम ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण तलाश रोकनी पड़ी।
बुधवार सुबह जैसे ही रेस्क्यू टीम ने फिर से खोज शुरू की, रिपटे से करीब 500 मीटर दूर पानी में युवक का शव मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद नदी में तेज बहाव के बावजूद लोग रोज़ाना जोखिम उठाकर रिपटा पार करते हैं। अब प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे खतरनाक रिपटों पर पुल निर्माण या सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएं ता