23 मासूमों की मौ-त का जिम्मेदार रंगनाथन कोर्ट में पेश, चेन्नई से लाया गया, परासिया में सुरक्षा कड़ी
छिंदवाड़ा के उस मामले में आज बड़ी कार्रवाई हुई है, जिसमें जहरीले कफ सिरप से 23 मासूमों की जान गई है। सिरप बनाने वाली कंपनी के मालिक गोविंदन रंगनाथन को एसआईटी की टीम चेन्नई से गिरफ्तार कर परासिया लेकर पहुंच चुकी है। अब कुछ ही देर में उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सुबह करीब पौने सात बजे रंगनाथन को लेकर एसआईटी की टीम फ्लाइट से नागपुर एयरपोर्ट पर उतरी। एयरपोर्ट पर जैसे ही विमान का दरवाज़ा खुला, टीम ने आरोपी को तेजी से कार की ओर ले जाया। मीडिया को फुटेज लेने का मौका तक नहीं दिया गया।
इसके बाद टीम नागपुर से सड़क मार्ग से छिंदवाड़ा के लिए रवाना हुई। तय कार्यक्रम के मुताबिक परासिया कोर्ट में 11 बजे के लगभग रंगनाथन को पेश करने की तैयारी की गई है।
परासिया कोर्ट परिसर के बाहर स्थानीय पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। गेट से लेकर परिसर तक पुलिस बल तैनात है। कोर्ट के आसपास बेरिकेडिंग की गई है और अनधिकृत लोगों को प्रवेश नहीं दिया जा रहा।
बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात तमिलनाडु के चेन्नई में रंगनाथन को हिरासत में लिया गया था। उनकी कंपनी श्रीसन फार्मास्युटिकल पर आरोप है कि उसी के बनाए कोल्ड्रिफ कफ सिरप से छिंदवाड़ा, बैतूल और पांढुर्णा में अब तक 23 मासूम बच्चों की जान जा चुकी है।
यह वही सिरप है जिसे पीते ही बच्चों को उल्टियां, सांस रुकने और किडनी फेल होने जैसे लक्षण दिखे। परिजनों ने प्रशासन और सरकार पर मिलावटखोरी पर नियंत्रण न करने का आरोप लगाया है। अब पीड़ित परिवार इस केस में कड़ी कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
सवाल ये है कि क्या 23 मासूम जानों की कीमत पर किसी को भी बचाया जाएगा या आज कोर्ट में रंगनाथन से जुड़ी इस त्रासदी का एक नया अध्याय शुरू होगा? सारा देश इस सुनवाई पर नजर टिकाए हुए है।