शक के जाल में युवक की जान ! आधा दर्जन लोगों ने घेरकर कर दी बड़ी अनहोनी , इलाज के दौरान मौत
एमपी के मुरैना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक को आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने न सिर्फ घेरकर बेरहमी से पीटा, बल्कि इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। यह पूरा मामला नूराबाद थाना क्षेत्र का है, जहां शक ने एक युवक की जिंदगी छीन ली। मृतक युवक की पहचान धर्मेंद्र गुर्जर निवासी देवरी सहराना के रूप में हुई है, जो बचपन से ही अपने मामा के घर बमरोली गांव में रहता था। जानकारी के मुताबिक, टेकरी रोड से कुछ लोगों ने धर्मेंद्र को पकड़ा और उसे दौरावली गांव के क्षेत्र में ले जाकर मारपीट शुरू कर दी। आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर उसे बुरी तरह पीटा।
घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और घायल धर्मेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। परिजनों में आक्रोश और गम दोनों साफ दिखाई दे रहे हैं।
इस पूरे विवाद की शुरुआत एक महिला की गुमशुदगी से हुई थी। बताया जा रहा है कि मारपीट करने वाले आरोपियों में से एक युवक की पत्नी लापता हो गई थी। उसके पति ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, और उसी महिला की तलाश के दौरान मृतक धर्मेंद्र पर शक जताया गया था। इसी संदेह ने विवाद को खूनी मोड़ दे दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर नूराबाद थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना की गंभीरता को देखते हुए मृतक के मूल गांव देवरी सहराना में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि संदेह के नाम पर भीड़ कौन से न्याय की पटकथा लिख रही है, और कब तक ऐसी घटनाएं बेकाबू रहेंगी...