सागर में ठंड की दस्तक, 18 डिग्री पर लुढ़का पारा, सागर में गुलाबी सर्दी की एंट्री ! |SAGAR TV NEWS|
सागर में मौसम ने करवट बदल ली है। तीन दिन पहले तक जो इलाका लगातार बारिश से जूझ रहा था, वहीं अब गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। शहर की सुबहें ठंडी और रातें ठिठुरन भरी होने लगी हैं। न्यूनतम तापमान गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है। मौसम का ये बदलाव साफ आसमान और ठंडी हवाओं के साथ महसूस किया जा सकता है। शनिवार की सुबह तेज धूप के साथ शुरू हुई, लेकिन शाम ढलते ही ठंड का असर बढ़ गया। अब लोगों को रात के समय कंबल, शॉल और हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों—जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड—में बर्फबारी शुरू होते ही हवाओं का रुख बदल गया। उत्तर दिशा से आती ठंडी हवाएं अब मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, जिससे सागर सहित आसपास के जिलों में सर्दी की शुरुआत हो गई है।
इससे पहले सागर में लगातार तीन दिन तक जोरदार बारिश हुई थी। रहली, गढ़ाकोटा, देवरी, केसली और मालथौन जैसे इलाकों में तेज बरसात ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया था। खेतों में खड़ी और कट चुकी सोयाबीन की फसल बर्बादी की कगार पर पहुंच गई। कई किसानों की उपज भीगने और सड़ने लगी, जिससे भारी आर्थिक नुकसान की आशंका पैदा हो गई। प्रशासन ने फसलों के नुकसान को देखते हुए तुरंत सर्वे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अलग-अलग तहसीलों में राजस्व अमला किसानों के खेतों का निरीक्षण कर रहा है। किसानों को उम्मीद है कि उन्हें मुआवजे के तौर पर आर्थिक राहत जल्द मिलेगी।
उधर मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगर पहाड़ों पर ठंड का सिलसिला जारी रहा, तो अगले कुछ दिनों में पारा और नीचे जा सकता है। फिलहाल दिन की धूप राहत दे रही है, लेकिन सुबह-शाम की ठिठुरन लोगों को सर्दियों के आगमन का एहसास करा रही है। सागर में मौसम का यह बदला मिजाज अब त्योहारों और रबी फसलों की तैयारियों को भी प्रभावित करेगा। लोग धीरे-धीरे गर्म कपड़े निकालने लगे हैं और बाजारों में सर्दी से जुड़ी जरूरतों की हलचल शुरू हो चुकी है।